विधिक सहायता क्लिनिक का निरीक्षण करतीं डॉ. रेनू सोलखे। स्रोत : प्रशासन
रेवाड़ी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की वीर परिवार सहायता योजना के तहत जिला सैनिक बोर्ड में संचालित विधिक सहायता क्लीनिक का निरीक्षण सोमवार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) डॉ. रेनू सोलखे ने निरीक्षण किया।
उन्होंने अभिलेखों, आगंतुक पंजिका, विधिक सहायता संबंधी रिकॉर्ड एवं उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने क्लीनिक में नियुक्त पैनल अधिवक्ता एवं पैरा लीगल वालंटियर को क्लीनिक में आने वाले प्रत्येक सेवारत सैनिक, भूतपूर्व सैनिक और उनके आश्रितों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिला सैनिक बोर्ड के सहयोग से नियमित विधिक जागरूकता एवं विधिक साक्षरता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। क्लीनिक के सुचारु संचालन, अभिलेखों को ठीक से रखने के भी निर्देश दिए।
डॉ. सोलखे ने कहा कि यदि किसी सेवारत सैनिक, भूतपूर्व सैनिक अथवा उनके आश्रित को किसी भी प्रकार की विधिक सहायता या परामर्श की आवश्यकता हो तो वे जिला सैनिक बोर्ड स्थित विधिक सहायता क्लीनिक अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से निशुल्क विधिक सेवाएं प्राप्त कर सकते हैं।