दिल्ली-जयपुर हाईवे पर लिफ्ट देकर लूटपाट करने वाले गिरोह का आतंक थम नहीं रहा है। बुधवार को बदमाशों ने हाईवे स्थित बनीपुर चौक से दिनदहाड़े एक ठेकेदार को कार में लिफ्ट देकर बंधक बना कर नकदी व मोबाइल लूट लिया। बदमाशों ने एटीएम व नेट बैंकिंग के पिन नंबर लेकर खाते से भी पैसे निकाल लिए। बदमाश ठेकेदार को सुनसान जगह पर फेंक कर फरार हो गए।
पुलिस को दी शिकायत में बावल के मोहल्ला बागवाला निवासी हिम्मत कुमार ने कहा है कि वह प्राइवेट ठेकेदारी का काम करते है तथा बुधवार की सुबह करीब आठ बजे वह गुरुग्राम जाने के लिए हाईवे स्थित बनीपुर चौक पर किसी साधन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार वहां आकर रूकी। कार में चार युवक पहले से सवार थे। युवकों ने गुरुग्राम व दिल्ली जाने के लिए
आवाज लगाई। गुरुग्राम जाने के लिए वह कार में सवार हो गए। निखरी पुल के पास पहुंचने पर चालक ने फ्लाइओवर के नीचे से कार को वापस मोड़ दिया। जब उसने कार को वापस मोड़ने का कारण पूछा तो एक युवक ने पिस्तौल निकाल कर उसकी कनपटी पर लगा दी। बदमाशों ने उनकी जेब से आठ हजार रुपये नकदी, मोबाइल व एटीएम कार्ड छीन लिया। बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देकर
एटीएम व नेट बैंकिंग का पासवर्ड भी पूछ लिया। काफी देर तक हाईवे पर घुमाने के बाद बदमाश उसे शहर स्थित ब्रास मार्केट में ले आए। एक युवक कार से उतर कर चला गया। करीब 15 मिनट बाद युवक वापस लौटा तथा उसके राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-352 पर ले गए। बदमाश उसे एक लिंक रोड पर उतार कर फरार हो गए। इस दौरान हिम्मत सिंह ने कार के नंबर भी नोट कर लिए। बदमाशों के
चुंगल से छूटने के बाद उन्होंने घटना सूचना अपने भाई को तथा शाम को पुलिस के पास पहुंचे। हिम्मत सिंह की शिकायत पर कसौला थाना पुलिस ने अज्ञात चार युवकों के खिलाफ अपहरण कर लूटपाट व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यहां बता दें कि हाईवे पर लिफ्ट देकर पहले भी लूटपाट की घटनाएं हो चुकी है। औद्योगिक क्षेत्र धारूहेड़ा में भी बदमाश कंपनी कर्मचारियों को लिफ्ट देकर कई वारदातें कर चुके है। पुलिस द्वारा प्राथमिकी तो दर्ज की गई है, परंतु अब तक इस गिरोह तक नहीं पहुंच पाई है।