फोटो: 13रेवाड़ी। गांव गोकलगढ़ स्थित राजकीय स्कूल में बच्चों के दांतों की जांच करती डॉ. मंजू।
रेवाड़ी। गांव गोकलगढ़ स्थित राजकीय स्कूल में राष्ट्रीय मौखिक सघन मुख स्वास्थ्य अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की तरफ से बच्चों के लिए दंत जांच शिविर लगाया गया। इस दौरान दंत चिकित्सक डॉ. मंजू ने बच्चों के दांतों की जांच की और लोगों को दांतों की देखभाल संबंधी जागरूक किया।
डॉ. मंजू ने कहा कि दांतों को स्वच्छ व स्वस्थ रखना मनुष्य के जीवन के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि भोजन में दही, दालें, फल और हरी सब्जियों को नियमित रूप से शामिल करना चाहिए। वहीं बच्चों को टॉफी, चॉकलेट और मिठाइयों जैसी चिपकने वाली चीजों से दूरी बनाने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि दांतों को स्वस्थ रखने के लिए रेशेदार फल और सब्जियों का अधिक सेवन करना चाहिए। शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटखा और तंबाकू का सेवन दांतों के लिए जहर के समान है। दांतों की सुरक्षा के लिए सुबह-शाम भोजन के बाद ब्रश करना बेहद जरूरी है।
फ्लोरोसिस की समस्या पर प्रकाश डालते हुए डॉ. मंजू ने कहा कि पानी में फ्लोराइड की अधिकता से दांत पीले पड़ जाते हैं और हड्डियां कमजोर हो जाती हैं। साफ व सुरक्षित पानी का उपयोग कर इस समस्या से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को टूथपेस्ट और ब्रश भी निशुल्क वितरित किए गए। इस अवसर पर अध्यापक जगदीप सिंह, विजय कुमार, आशा वर्कर किस्मत देवी व सुशीला देवी उपस्थित थीं।