रेवाड़ी/बावल। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन की मिलीभगत से अवैध रूप से मिट्टी के खनन का खेल चल रहा है। इस पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। मुख्यमंत्री उड़न दस्ते ने शनिवार को छापा मारकर रानौली-प्राणपुर गांव से शाहपुर निवासी व्यक्ति को काबू कर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य सामान जब्त किया है। टीम को देखकर कुछ लोग अपने वाहनों को लेकर भाग गए। शिकायत के बाद बावल थाना पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री उड़न दस्ते को सूचना मिली थी कि गई कि गांव रानौली-प्राणपुरा में कुछ लोग लंबे समय से मिट्टी का अवैध खनन कर रहे हैं। इसके बाद टीम को गठन कर शनिवार को छापा मारकर कार्रवाई की गई। इस दौरान टीम को देखकर कुछ लोग अपने वाहनों के साथ भाग गए जबकि एक आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया गया। पुलिस ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त किया है। बावल थाना पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
खनन की शिकायत पर माफिया देते हैं जान से मारने की धमकी
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में माफिया से साठगांठ कर कुछ लोग किसानों को मोटी रकम का लालच देकर मिट्टी के अवैध खनन का खेल को आसानी से अंजाम दे रहे हैं। अवैध रूप से मिट्टी का खनन किसानों की कमर तोड़ रहा है। अवैध खनन के खिलाफ शासन की सख्ती यहां बेमानी ही लगती है। माफिया ने चार फीट के समझौते पर 10 फीट तक मिट्टी का खनन कर खेतों को तालाब बना दिया है। बारिश का पानी भरने से ये गड्ढे जानलेवा हो गए हैं। किसान इसकी शिकायत करते हैं तो माफिया उन्हें जान से मारने की धमकी देते हैं। उनकी बेबसी तब और बढ़ जाती है, जब जिम्मेदार अफसर भी कार्रवाई के बजाय हाथ पर हाथ धरकर बैठ जाते हैं।
बावल, कोसली, धारूहेड़ा, कुंड व जाटूसाना में चल रहा खनन का खेल
पिछले कई वर्षो से बावल, कोसली, धारूहेड़ा, कुंड व जाटूसाना क्षेत्र में आने वाले गांवों में मिट्टी का अवैध खनन चल रहा है। सबसे ज्यादा खनन बावल व धारूहेड़ा में हुआ है। यहां एक ही स्थान पर 5 से लेकर 10 फीट गहरे गड्ढे खोद दिए गए हैं।
वर्जन-
मुख्यमंत्री उड़न दस्ते को शिकायत मिलने पर कार्रवाई की गई है। जिले में अवैध रूप से मिट्टी का खनन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। टीम की ओर से समय-समय पर कार्रवाई की जाएगी।
-राजेश कुमार चेची, डीएसपी मुख्यमंत्री उड़न दस्ता