नाकाबंदी के दौरान वाहनों की चेकिंग करते पुलिस की टीम। स्रोत : पीआरओ
रेवाड़ी। पुलिस की तरफ से यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए नवंबर में 3950 वाहनों के चालान करते हुए 250 वाहन इंपाउंड किए गए हैं। इन वाहनों में 29 बुलेट पटाखा मोटरसाइकिल, 81 ब्लैक फिल्म वाहन, 348 रॉन्ग पार्किंग, 7 ओवर स्पीड वाहन, 797 बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, 500 विदाउट हेलमेट, 156 विदाउट सीट बेल्ट, 389 ट्रिपल राइडिंग, 92 ड्रिंकिंग ड्राइविंग, मोबाइल फोन इस्तेमाल करने के 17 और 323 लेन चेंज करने के वाहन शामिल हैं। साथ ही इन पर 86 लाख 50 हजार 500 रुपये का जुर्माना किया गया।
पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने जिले की आम जनता से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें। अपने जीवन को बचाएं, शराब का सेवन कर कभी वाहन न चलाएं। पुलिस अधीक्षक ने बुलेट मोटरसाइकिल पर पटाखा छोड़कर हवाबाजी करने वालों को सचेत करते हुए कहा कि अभी केवल पुलिस चालान ही कर रही है, संभल जाएं अन्यथा इस अपराध के लिए मुकदमा का भी प्रावधान है।
इसके अलावा गौरव राजपुरोहित ने बताया कि बुलेट पटाखा मोटरसाइकिल और ब्लैक फिल्म लगी गाड़ी के संबंध में आप नंबर नोट करें या फोटो खींचकर यातायात थाना प्रबंधक के मोबाइल नंबर 7056666132 अथवा सम्बंधित थाना प्रबंधक के मोबाइल पर सीधा भेज सकते हैं, ताकि उन पर नकेल कसी जा सके। सूचना भेजने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।