व्याख्यान के दौरान एकत्रित हुए विद्यार्थी साथ में प्रोफेसर। स्रोत : विवि
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्विद्यालय के समाज कार्य विभाग की तरफ से फील्ड वर्क के महत्व और व्यावहारिक पहलुओं विषय पर एक व्याख्यान आयोजित किया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. विकास बतरा ने मुख्य वक्ता समाज कार्य विभाग, कुरुक्षेत्र विश्विद्यालय के प्रोफेसर दर्शन सिंह का स्वागत किया। कार्यक्रम का नेतृत्व विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. गीतिका मल्होत्रा ने किया।
प्रोफेसर दर्शन सिंह ने व्याख्यान में बताया कि फील्ड वर्क सामाजिक कार्य के अध्ययन और व्यवहार का एक अनिवार्य हिस्सा है। उन्होंने समझाया कि यह कैसे छात्रों और पेशेवरों को समाज के वास्तविक मुद्दों को समझने और प्रभावी समाधान विकसित करने में मदद करता है। उन्होंने फील्ड वर्क की प्रक्रिया, आवश्यक कौशल और सामाजिक कार्य में इसकी नैतिकता पर गहराई से चर्चा की। अपने संवादात्मक और प्रेरक शैली में फील्ड वर्क के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने यह भी समझाया कि फील्ड वर्क के माध्यम से कैसे सामुदायिक विकास, व्यक्तियों की मदद और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में प्रभावी योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सत्र का समापन प्रश्नोत्तर दौर से हुआ, जिसमें प्रोफेसर दर्शन सिंह ने प्रतिभागियों के सवालों का विस्तार से उत्तर दिया और उनके संदेह दूर किए। डॉ. विकास बतरा ने कहा कि यह व्याख्यान सामाजिक कार्य के क्षेत्र में ज्ञान और प्रेरणा को बढ़ावा देने के लिए सहायक सिद्ध होगा।