संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। आगामी 26 और 27 जुलाई को दो सत्रों में होने वाली सीईटी (कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट) के लिए जिले में 70 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों में 74 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। महेंद्रगढ़-नारनौल से परीक्षा देने आने वाले परीक्षार्थियों के ठहरने के लिए 10 धर्मशालाएं आरक्षित की गई हैं।
परीक्षार्थियों के रात्रि विश्राम के लिए मक्खन लाल धर्मशाला, पंजाबी धर्मशाला, मियांवाली पंचायत घर, यादव धर्मशाला, अग्रवाल धर्मशाला, पंजाबी भवन, जाट धर्मशाला, गणेशी धर्मशाला, सैनी धर्मशाला, रविदास धर्मशाला को आरक्षित किया गया है।
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्र उनके गृह जनपद में ही बनाए गए हैं। डीसी ने बताया कि जिले में 690 दिव्यांगजन सीईटी में शामिल होंगे। उन्हें परीक्षा केंद्र तक ले जाने और ले आने की व्यवस्था की गई है।
डीसी ने बताया कि परीक्षा के लिए नोडल अधिकारी, फ्लाइंग स्क्वॉड एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है। प्रत्येक केंद्र पर जैमर, सीसीटीवी और मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे। स्टाफ को भी मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रश्नपत्रों के सीलबंद बॉक्स परीक्षा केंद्रों तक ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में पहुंचाए जाएंगे। परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटो स्टेट मशीनें बंद रहेंगी।
सिर्फ प्रवेश पत्र और पहचान पत्र अंदर ले जा सकेंगे अभ्यर्थी
डीसी ने कहा कि परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थी को बिना प्रवेश पत्र के प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र की कलर कॉपी लानी होगी। ब्लैक एंड व्हाइट एडमिट कार्ड के साथ प्रवेश नहीं दी जाएशा। प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी या पासपोर्ट में से कोई एक पहचान पत्र लाना होगा। पेन या पेंसिल जैसी स्टेशनरी चीजें नहीं लानी है। केंद्र में आयोग की ओर से पेन उपलब्ध कराया जाएगा। परीक्षा हॉल में प्रश्न बुकलेट व ओएमआर शीट का नंबर एक ही होना चाहिए। पेपर शुरू करने से पहले यह चेक कर लें। पेपर खत्म होने से पहले कोई भी परीक्षा केंद्र से बाहर नहीं निकलेगा। परीक्षार्थी पेपर खत्म होने के बाद पर्यवेक्षक को ओएमआर शीट सौंप कर जाएं। अपने साथ केवल कैंडिडेट कॉपी ही लेकर जाएं।
बसों में अपनी सीट बुक करा लें अभ्यर्थी
रोडवेज महाप्रबंधक प्रदीप कुमार ने बताया कि सीईटी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक ले जाने और ले आने के लिए मुफ्त परिवहन की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। परीक्षा केंद्र के निकटतम प्वाइंट तक फ्री शटल बस सेवा का संचालन किया जाएगा। अभ्यर्थी परिवहन विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए लिंक पर जाकर अपनी व्यक्तिगत जानकारी भरकर सीट बुक करा लें। 26 जुलाई को पहली पाली में सुबह 10 बजे से 11:45 बजे और दूसरी पाली में दोपहर को 3:15 बजे से 5 बजे तक परीक्षा होगी। 27 जुलाई को यही शेड्यूल रहेगा।