ट्रेनिंग ले रहे प्रगणक और सुपरवाइजर्स। संवाद
भिवाड़ी। जनगणना 2027 के लिए कोटकासिम तहसील के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पहले चरण में प्रगणकों और सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षण दिया गया। पहले बैच में 80 प्रगणकों ने प्रशिक्षण लिया। उन्हें फील्ड में काम पर भेज दिया गया है। दूसरे बैच में भी तहसील स्तर के करीब 80 प्रगणक और सुपरवाइजर ट्रेनिंग ले रहे हैं। ट्रेनिंग के दौरान सभी कर्मियों को टेक्निकल रूप से मजबूत बनाया जा रहा है, ताकि मकान जनगणना सहित पूरे अभियान में किसी प्रकार की समस्या न आए।
मुख्य फील्ड ट्रेनर हरिराम ने बताया कि कोविड-19 महामारी के कारण 2021 की जनगणना नहीं हो पाई थी। देश की नीतियां बनाने और विकास योजनाओं के लिए सही आंकड़े जनगणना से ही उपलब्ध होते हैं। कोटकासिम तहसील में कुल 200 सुपरवाइजर और प्रगणकों की ट्रेनिंग हो रही है। इसके लिए 5 बैच बनाए गए हैं, प्रत्येक बैच में 40 लोगों को 3 दिनों की ट्रेनिंग दी जा रही है। ट्रेनिंग में प्रगणकों को एचएलओ एप के माध्यम से काम करने, मकान सूचीकरण करने, परिवार के सदस्यों से प्रश्नोत्तरी पूछने और डेटा ऑनलाइन फीड करने की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
ट्रेनर हरिराम ने जोर देकर कहा कि जनगणना के दौरान किसी भी प्रकार की गलतफहमी न फैले, इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रगणकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे फील्ड में लोगों का विश्वास जीतें और प्रश्नावली के सही उत्तर लेकर ही डेटा फीड करें।