रेवाड़ी। गांव आशियाकी गौरावास में चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर घर से साढ़े 3 लाख रुपये के गहनों के साथ 40 हजार रुपये चोरी कर ले गए।
वारदात के वक्त पति-पत्नी दोनों फरीदाबाद में बेटे के पास गए हुए थे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची रोहड़ाई थाना पुलिस ने जांच के बाद केस दर्ज कर लिया है। गांव आशियाकी गौरावास निवासी सुमित्रा देवी ने बताया कि 9 जनवरी को उनके पति लिखी राम की अचानक तबीयत खराब हो गई। उसका एक बेटा फरीदाबाद में रहता है। पति की तबीयत खराब होने पर वह अपने बेटे के पास फरीदाबाद चली गई।
देर शाम उनके भतीजे धमेंद्र ने फोन कर बताया कि उनके घर का लॉक टूटा हुआ है। वे सुबह फरीदाबाद से वापस अपने घर पहुंचे तो मेन गेट के अलावा कमरों पर लगे ताले टूटे हुए मिले और कमरों में रखा सारा सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। सुमित्रा ने तुरंत इसकी सूचना रोहड़ाई थाना पुलिस को दी।