रेवाड़ी। गांव तुर्कियावास निवासी एक युवक ने बोलेरो गाड़ी में सवार तीन युवकों पर अपहरण व मारपीट करने का आरोप लगाते हुए सदर थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गांव तुर्कियावास निवासी प्रवीण कुमार ने बताया कि वह गांव निवासी सागर के साथ बाइक पर खेल मैदान की ओर जा रहा था। इस दौरान काले रंग के शीशे की एक बोलेरो गाड़ी में सवार युवकों ने टक्कर मार कर बाइक से गिरा दिया। बोलेरो से उतरे तीन युवकों ने डंडों से उन पर हमला कर दिया और गाली-गलौज भी करने लगे। आरोपियों ने उन्हें उठा कर अपनी गाड़ी में डाल लिया और मारपीट करते हुए बुडाना चौक तक ले गए। आरोपियों उन्हें बुड़ाना चौक पर उतारकर फरार हो गए। आरोपियों ने पुलिस को शिकायत न करने की धमकी भी दी। उसके परिजन को अपहरण के बारे में पता लगा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सदर पुलिस ने प्रवीण व सागर की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ अपहरण व मारपीट का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।