रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर साहबी नदी के समीप सामने से आ रही कार चालक के अचानक ब्रेक लगाने से खड़ी हुई कार को बचाने के प्रयास में पीछे आ रही कार ट्रक से जा टकरा गई। हादसे में चालक सहित कार में सवार तीन व्यक्ति घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
दिल्ली के नजफगढ़ के समता इनक्लेव गोयल डेरी फेस-1 निवासी अनुराम चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार को वह कार से अपने बाबा रोहताश सिंह चौहान, नाना लक्ष्मण सिंह राघव व चाचा महेंद्र सिंह के साथ राजस्थान जा रहा था। उनकी कार जब साहबी पुल के पास पहुंची तो आगे चल रही कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे बचने के प्रयास में मैने भी अपनी कार को ब्रेक लगाई। जिससे अनियंत्रित होकर कार सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई। जिससे कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया गया। जहां चिकित्सकों ने रोहताश को मृत घोषित कर दिया तथा गंभीर हालत के चलते घायल लक्ष्मण सिंह को पीजीआई रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।