बावल में दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे नंबर-48 पर खराब खड़े ट्रक से एक कैंटर टकरा गया। हादसे में कैंटर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची कसौला थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बावल सामुदायिक केंद्र भिजवा दिया।
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर असाही पुल पर बीती रात एक ट्रक खराब हो गया था जिसके बाद चालक ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। वीरवार सुबह करीब पांच बजे दिल्ली से जयपुर की तरफ जा रहा एक कैंटर सड़क किनारे खड़े इस ट्रक से पीछे से टकरा गया जिसके चालक की मौके पर ही मौत हो गई। रेवाड़ी जिले के गांव पुंशिका का रहने वाला नरेंद्र भिवाड़ी से बावल कैंटर लेकर जा रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
बता दें कि दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सड़क किनारे खड़े होने वाले वाहनों की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। कुछ दिन पहले ही सड़क पर खड़े एक ट्रक में मैजिक गाड़ी टकरा गई थी जिसमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी और एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। इसके अलावा भी हर रोज इसी तरह के हादसे हो रहे हैं। बावजूद इसके इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
हाईवे पर नहीं रेस्ट एरिया
खास बात यह है कि प्रदेशभर में दूसरे अन्य नेशनल हाईवे पर वाहन चालकों के लिए अलग से रेस्ट एरिया बनाया गया है जहां वाहन खड़ा कर चालक आराम कर सकते हैं लेकिन दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कोई रेस्ट एरिया नहीं है जिसकी वजह से नींद आने पर वाहन चालक सड़क किनारे की वाहन खड़ा कर देते हैं और अंधेरे की वजह से आए दिन हादसे होते हैं।