रेवाड़ी। जिला बार एसोसिएशन में आगामी चुनाव को देखते हुए चुनाव समिति ने हर प्रत्याशी को एक-एक होर्डिंग लगाने की अनुमति दी है। इसके लिए समिति ने मुख्य द्वार के बाहर स्थान भी निर्धारित कर दिया है। यह निर्णय बुधवार को चुनाव समिति और प्रत्याशियों की बैठक में लिया गया।
जिला बार एसोसिएशन का चुनाव 15 दिसंबर होना है। इसके लिए गठित चुनाव समिति ने स्थानीय कोर्ट परिसर से प्रत्याशियों के होर्डिंग, बैनर और पोस्टर उतरवा दिए गए थे। इसे लेकर बुधवार को प्रत्याशी और चुनाव समिति की बैठक हुई। इसमें प्रत्याशियों ने चुनाव से संबंधित होर्डिंग और पोस्टर लगाने की अनुमति मांगी। इसे देखते हुए समिति यह निर्णय लिया कि पांच पदों के लिए चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी अपना एक-एक होर्डिंग मुख्य द्वार के बाहर लगा सकेंगे। इसके लिए नई चैंबर बिल्डिंग एवं पुरानी चैंबर बिल्डिंग के मुख्य द्वार के बाहर निर्धारित स्थान दिया गया है, जिस पर सभी प्रत्याशी अपना एक-एक होर्डिंग 6 फीट लंबा व 4 फुट चौड़ा लगा सकेंगे। इसके अतिरिक्त कहीं भी होर्डिंग या बैनर पोस्टर नहीं लगाए जाएंगे। इसके लिए सभी प्रत्याशी अलग से शपथ पत्र भी देंगे। चुनाव समिति के सदस्य सतीश डागर, अश्विनी तिवारी एडवोकेट, चौधरी चरण सिंह, शमशेर सिंह, नरेश कुमार यादव व चंदन यादव ने बताया कि बुधवार को एक बैठक बुलाकर सभी प्रत्याशियों को मुख्य द्वार पर एक-एक होर्डिंग लगाने की अनुमति सबकी सहमति के अनुसार दी गई है। बार चुनाव में प्रधान पद के लिए दो प्रत्याशी, उप प्रधान पद के लिए चार प्रत्याशी, सचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष पद के लिए दो-दो प्रत्याशी आमने-सामने चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। आगामी सोमवार और मंगलवार को नामांकन भरा जाएगा।
1729 मतदाता अपने मतदान का करेंगे प्रयोग
चुनाव समिति के सदस्य शमशेर सिंह, सतीश डागर चौधरी चरण सिंह चंदन सिंह यादव व नरेश कुमार यादव ने अपनी जिम्मेदारी संभालते हुए आगामी 15 दिसंबर को होने के वाले चुनाव के लिए बार कक्ष में तैयारी शुरू कर दी है। चुनाव समिति ने मतदान के दिन कंप्यूटर कृत लिस्ट से मतदाताओं को अपना मत क्रमांक देखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। आगामी 4 व 5 दिसंबर जिला बार एसोसिएशन कार्यालय में ही नामांकन सुबह 11 बजे से 3 बजे तक भरे जा सकेंगे। चुनाव अधिकारी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता अश्वनी तिवारी ने बताया कि इस बार भी चुनाव ईवीएम द्वारा कराए जाएंगे कुल 1729 मतदाता अपने मतदान का प्रयोग कर पंच पदों के प्रत्याशियों का चुनाव कर सकेंगे।