कोसली-कनीना मार्ग पर फैला झाड़ियों का जाल। संवाद
कोसली। कोसली-कनीना मार्ग किनारे एक ओर जहां झाड़ियों का जाल फैल रहा है, वहीं दूसरी ओर बड़े पेड़ों की टहनियां हादसों को न्योता दे रही हैं। वन विभाग और लोक निर्माण विभाग का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। इस संबंध में लोग विभागों के जिम्मेदारों को कई बार शिकायत दे चुके हैं, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई तक नहीं हुई।
मौसम परिवर्तन के साथ ही सुबह और रात के समय कोहरा छाने लगा है। ऐसे में मार्ग किनारे फैलीं झाड़ियां और बड़े पेड़ों की लटकतीं शाखाएं हादसे को न्योता दे रही हैं। सड़क के दोनों और कच्ची पट्टी को ब्रह्म क्षेत्र कहा जाता है। इस क्षेत्र में वर्षों से सफाई न होने के कारण बारिश में उगी कंटीली झाड़ियों ने दोनों ओर सड़क अतिक्रमण कर लिया है। इस समय कनीना-कोसली रोड पर जगह-जगह झाड़ियां फैली हुई हैं। यह झाड़ियां सड़क के दोनों किनारों पर बनाई गई सफेद पट्टी तक के पास तक पहुंच चुकी हैं। कई स्थानों पर यह झाड़ियां सफेद पट्टिया तक को पूर्ण रूप से ढक चुकी हैं। विभाग को तुरंत इसकी सफाई करानी चाहिए, जिससे कोहरे के दौरान हादसे का खतरा न रहे।
सबसे ज्यादा खतरा तब होता है, जब रात के समय वाहन चालकों को सफेद पट्टी नजर नहीं आती। सामने से आने वाले वाहनों की लाइट पड़ने के बाद सफेद पट्टी नजर नहीं आने से दो पहिया वाहन चालक इन झाड़ियों में चले जाते हैं। इससे हादसा होने की संभावना बनी रहती है। वहीं, दूसरी ओर सड़क किनारे बड़े पेड़ों की टहनियां भी वाहन चालकों के लिए खतरे की घंटी बनी हुई हैं।
पिछले वर्ष कोहरे के दौरान हुआ था हादसा
कई बार बसों की छतों पर भी लोग यात्रा करते हैं। इस दौरान पेड़ों की टहनियों के कारण हादसा होने का डर बना रहता है। सड़क के दोनों ओर उगने वाली झाड़ियों को साफ करने की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की है। विभाग की ओर से अभी तक इस सड़क मार्ग को साफ नहीं कराया गया। पिछले वर्ष कोहरे के दौरान हादसा भी हुए हैं। उसके बाद भी विभाग कोई भी कदम नहीं उठा रहा है।
-कोट
मामला संज्ञान में मामला आया है। इसके लिए जिम्मेदार विभाग को जल्द समाधान का निर्देश दिया जाएगा।
-जयप्रकाश, एसडीएम, कोसली