फोटो : 17धारूहेड़ा में निर्माण पर चल रहा बुलडोजर। स्रोत : विभाग
धारूहेड़ा। जिला नगर योजनाकार की टीम ने धारूहेड़ा क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों में निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कराया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई।
धारूहेड़ा में पार्श्वनाथ सिटी के पीछे 3 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से विकसित हो रही कॉलोनी में टीम ने 4 डीपीसी, 2 चहारदीवारी और अन्य अवैध निर्माण ध्वस्त करा दिया। इसके अतिरिक्त लगभग 2 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से विकसित हो रही दूसरी कॉलोनी में चहारदीवारी, अवैध निर्माण तथा कच्चे रोड नेटवर्क को भी तोड़ दिया गया।
अलावलपुर में लगभग 4 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से विकसित हो रही प्रारंभिक कॉलोनी में कच्चे रोड नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इन सभी कॉलोनियों का विकास नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग चंडीगढ़ से बिना अनुमति के किया जा रहा था।
जिला नगर योजनाकार मनदीप सिंह सिहाग ने स्पष्ट किया कि नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्र में किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य करने से पहले संबंधित कार्यालय से अनुमति लेना अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियां विकसित करने वाले प्रॉपर्टी डीलर आमजन को प्लॉट बेचकर गुमराह करते हैं, जिससे बाद में खरीदार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्लॉट को खरीदने से पहले विभाग से उस कॉलोनी की वैधता अवश्य सुनिश्चित करें। साथ ही आमजन से अनुरोध किया कि अवैध निर्माण से बचें, ताकि प्रशासनिक कार्रवाई और आर्थिक हानि से बचाव हो सके।