रेवाड़ी। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग की ओर से मंगलवार को नियंत्रित और शहरी क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
डीटीपी विभाग की टीम ने राजस्व संपदा जाटूवास में रेवाड़ी-भाड़ावास रोड पर करीब तीन एकड़ में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की। टीम ने मौके पर बने तीन डीपीसी और प्रारंभिक चरण में तैयार किए गए कच्चे रोड नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा राजस्व संपदा लालपुर क्षेत्र में भी करीब दो एकड़ में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी में बुलडोजर गरजा। यहां भी बिना अनुमति कॉलोनी काटी जा रही थी। विभागीय टीम ने मौके पर तैयार किए गए कच्चे रास्तों और अन्य निर्माण कार्यों को तोड़ दिया।
यह कार्रवाई जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में की गई। जिला नगर योजनाकार मनदीप सिंह सिहाग ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्र में कोई भी अवैध निर्माण न करें और प्लॉट खरीदने से पहले संबंधित कॉलोनी की वैधता की जांच अवश्य करें।
उन्होंने बताया कि कई प्रॉपर्टी डीलर लोगों को गुमराह कर खाली जमीन पर अवैध रूप से प्लॉट बेच देते हैं। बाद में जब विभाग की ओर से कार्रवाई की जाती है तो प्लॉट खरीदने वाले खुद को ठगा हुआ महसूस करते हैं। इसलिए किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले जिला नगर योजनाकार कार्यालय से उसकी जांच अवश्य कर लें।