संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के रामगढ़ रोड पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में हुए निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया। इस दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा जिससे कोई विरोध नहीं कर सका।
जिला नगर योजनाकार ने अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया है। रामगढ़ रोड पर 4 एकड़ में अवैध रूप से विकसित हो रही कॉलोनी में 18 डीपीसी, 3 चहादीवारी को ध्वस्त कराया गया। इसके अतिरिक्त 3 एकड़ में अवैध रूप से विकसित हो रही कॉलोनी में कच्चे रोड का नेटवर्क ध्वस्त कराया।
जिला प्रशासन की तरफ से नियुक्त डयूटी मजिस्ट्रेट की देखरेख में पुलिस प्रशासन की सहायता से कार्रवाई की गई है। जिला नगर योजनाकार मनदीप सिंह सिहाग ने आमजन से अनुरोध किया है कि कोई भी अवैध निर्माण न करें। प्लाॅट खरीदने से पहले कार्यालय से उस काॅलोनी की वैधता की जानकारी ले लें, ताकि कार्रवाई से बच सकें ।
उन्होंने कहा कि अवैध काॅलोनी काटने वाले प्रापर्टी डीलर आमजन को झूठे सब्जबाग दिखाकर खाली भूमि पर प्लाॅट बेच देते हैं। इससे सामान्य जनता को तब पता चलता है जब उस स्थल पर अवैध निर्माण शुरू करने पर कार्रवाई की जाती है।
उस समय जिस व्यक्ति द्वारा वह प्लाट खरीदा गया है वह अपने आप को ठगा हुआ महसूस करता है। इसलिए आमजन से बार-बार यही अपील की जाती है कि किसी भी अवैध काॅलोनी में कोई प्लाट न खरीदें।