गांव ततारपुर खालसा में टूटी पाइप लाइन को दिखाते ग्रामीण। स्रोत : ग्रामीण
धारूहेड़ा। निकटवर्ती गांव ततारपुर खालसा में पिछले कई दिनों से लोग गंदा और दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। गांव में पीने के पानी की मुख्य पाइपलाइन लंबे समय से टूटी पड़ी है लेकिन विभाग इस समस्या पर ध्यान दे रहा है।
गांव के रविंद्र यादव, धर्मपाल यादव, शिशपाल फौजी, जसराम यादव, कृष्ण यादव ने बताया कि कुछ समय पहले ठेकेदार द्वारा गंदे पानी की निकासी के लिए जेसीबी मशीन से खुदाई कर नई पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा था।
उसी दौरान पीने के पानी की लाइन टूट गई। काम आधे से अधिक पूरा हो चुका है लेकिन टूटी पाइपलाइन को ठीक करने की दिशा में किसी ने भी कदम नहीं उठाया।
ग्रामीणों ने बताया कि सुबह और शाम जब भी वाटर सप्लाई आती है तो घरों में नालियों का गंदा पानी पीने के पानी के साथ मिलकर आ रहा है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि यह स्थिति अधिक समय तक जारी रही तो गांव में बीमारी फैल सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल आपूर्ति लाइन को तत्काल ठीक कराया जाए ताकि गंदा पानी पीने से निजात मिल सके और संभावित बीमारी के खतरे को टाला जा सके।