संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि महिला उत्पीड़न के मामले में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली पर एफआईआर दर्ज होने के बाद भी भाजपा सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। ये बात उन्होंने वीरवार को मॉडल टाउन स्थित अपने आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में कहीं।
कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार से जनता ही नहीं सरकार के मंत्री भी नाराज हैं। हरियाणा सरकार के मंत्री अनिल विज भी बोल रहे हैं कि जनता के कार्य नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सांविधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग होता रहेगा तबतक निष्पक्ष चुनाव होना मुश्किल है जो लोकतंत्र के लिए खतरा है। कहा कि ईवीएम ने चिरंजीव राव को चुनाव हरवा दिया और चुनाव में भारी धांधली हुई है। उन्होंने कहा कि चिरंजीव राव रेवाड़ी की जनता के दिलों में रहते। उन्होंने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार ने चुनाव में 20 वादे किए थे। इनमें 500 रुपये का गैस सिलेंडर, 24 फसलों को एमएसपी, महिलाओं को 2100 रुपये देने की बात कही थी लेकिन 100 दिन बीत जाने के बाद भी आज तक एक भी वादा पूरा नहीं किया।
एक भी काम नहीं करा सके विधायक : चिरंजीव
पूर्व विधायक चिरंजीव राव ने कहा कि विधायक लक्ष्मण यादव को रुके हुए कार्य करवाने चाहिए, लेकिन विधायक अपने हाथ में झाडू लेकर फोटो सेशन करवाने में व्यस्त रहते हैं। विधायक का काम ये देखना है कि कहां पर झाडू नहीं लगाई जा रही और काम क्यों नहीं हो रहे। यदि कहीं पर कार्य नहीं हो रहा और स्टॉफ की कमी है तो वहां पर भर्ती करानी चाहिए ताकि युवाओं को रोजगार मिल सके। बस स्टैंड, कॉलेज की बिल्डिंग, बरसाती पानी की समस्या, धारूहेड़ा का दूषित पानी, मसानी बैराज का पानी, आवारा पशुओं, पीने के पानी, सीवरेज इत्यादि पर ध्यान दें। आज तक एक भी काम विधायक लक्ष्मण यादव नहीं करवा सके हैं।