कोर ग्रुप की बैठक में चर्चा करते भाजपा नेता। स्त्रोत: प्रवक्ता
रेवाड़ी। रेवाड़ी व धारूहेड़ा नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने टिकट वितरण की प्रक्रिया तेज कर दी है। पार्टी के कोर ग्रुप की बैठक आयोजित की गई जिसमें पार्षद और चेयरमैन पद के उम्मीदवारों के नामों पर मंथन शुरू हुआ। बैठक में प्रदेश और जिला स्तर के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे और चुनावी रणनीति के साथ-साथ संभावित उम्मीदवारों के चयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रदेश के खेल मंत्री एवं चुनाव प्रभारी गौरव गौतम, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल, जिला प्रभारी नसीम अहमद, विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली, पीपीपी चेयरमैन डॉ. सतीश खोला सहित अन्य नेता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने क्षेत्रवार फीडबैक के आधार पर दावेदारों के नामों पर चर्चा की।
बड़ी संख्या में दावेदार सामने आने के कारण पार्टी के लिए उम्मीदवारों का चयन करना चुनौतीपूर्ण बन गया है। रेवाड़ी और धारूहेड़ा दोनों स्थानों पर चेयरमैन पद के लिए भी टिकट के दावेदारों की लंबी सूची सामने आई है। सभी आवेदनों की गहन समीक्षा के बाद ही उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
भाजपा उम्मीदवारों के चयन में केवल आवेदन ही नहीं बल्कि जमीनी सर्वे और स्थानीय कार्यकर्ताओं के फीडबैक को भी महत्व दे रही है। पार्टी प्रत्येक वार्ड में संभावित उम्मीदवारों की लोकप्रियता और स्वीकार्यता का आकलन कर रही है ताकि मजबूत पैनल तैयार किया जा सके।
जल्द जारी हो सकती है सूची
कोर ग्रुप की बैठक के बाद अब टिकटों की पहली सूची जल्द जारी होने की संभावना है। पार्टी नेतृत्व का प्रयास है कि समय रहते उम्मीदवारों की घोषणा कर उन्हें चुनाव प्रचार के लिए पर्याप्त समय दिया जाए। दो-तीन दिनों में इसकी घोषणा हो सकती है। भाजपा टिकट वितरण को लेकर गहन मंथन के जरिए मजबूत रणनीति बनाने में जुटी है।