रेवाड़ी। रविवार शाम के समय दिनदहाड़े बदमाशों ने एक सुनार से सोने की आभूषण लूट लिए। बदमाशों से बचने के लिए ज्वेलर कानोड़ गेट स्थित एक अस्पताल में जा घुसा। लेकिन बेखौफ बदमाश अस्पताल परिसर में भी घुस गए और लूटपाट कर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव लोकरा निवासी अतुल पुत्र ईश्वर की पटौदी में ज्वेलरी की दुकान है। रविवार को वह रेवाड़ी में सोने के जेवरात बनवाकर वापस पटौदी जा रहा था। अतुल के पास 40 ग्राम सोने की ज्वेलरी थी। ज्वेलर जैसे ही कानोड गेट के निकट पहुंचा, बाइक सवार दो बदमाशों ने उसके साथ लूटपाट करनी शुरू कर दी। बदमाशों से बचने के लिए अतुल कानोड गेट स्थित एक अस्पताल में जा घुसा। लेकिन बेखौफ बदमाश भी अस्पताल में जा घुसे तथा लूटपाट कर फरार हो गए। लूटपाट की शिकायत पुलिस को दी गई। जिसके उपरांत गोकल गेट चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाएं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।