बावल। रेवाड़ी रोड पर जेन अस्पताल के पास शनिवार रात सड़क पर भरे पानी से बचने के दौरान एक वैगनआर कार के चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार कार में फंसकर 100 मीटर घिसटता चला गया। गंभीर रूप से घायल घुलेड़ा खुर्द निवासी अरुण की मौत हो गई।
धुलेड़ा खुर्द निवासी अरुण (16) मूल रूप से गांव राजस्थान के अलवर जिले का ततारपुर टहरकी का रहने वाला था। परिवार फिलहाल धुलेड़ा खुर्द में रहकर मजदूरी करता था। अरुण पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। वह भी मजदूरी कर परिवार की आर्थिक मदद करता था।
शनिवार रात करीब नौ बजे अरुण बाइक से बनीपुर चौक से धुलेड़ा खुर्द की तरफ जा रहा था। वह भारत पेट्रोल पंप के पास जेन अस्पताल के सामने पहुंचा था। इसी दौरान पीछे से आ रही दिल्ली नंबर की वैगनआर कार सड़क पर भरे पानी से बचने के दौरान बाइक की तरफ मुड़ गई। कार की चपेट में आने के बाद अरुण डिवाइडर से टकरा गया और सड़क पर दूर तक घिसटता चला गया।
हादसे के बाद कार चालक मौके पर नहीं रुका और वाहन समेत भाग गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना बावल थाना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल अरुण को एंबुलेंस की मदद से बावल सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना
हादसे की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में वैगनआर कार के बाइक की तरफ आने और टक्कर के बाद मौके से फरार होने की घटना दिखाई दे रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को जांच में शामिल किया है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर कार और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। चालक की पहचान होने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सड़क पर पानी जमा होने से वाहन चालकों को परेशानी
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर जलभराव की समस्या को लेकर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि सड़क पर पानी जमा होने के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है। पानी से बचने के दौरान वाहन अचानक दिशा बदलते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। बाजार क्षेत्र में कई स्थानों पर सड़क किनारे लगी ग्रिल हटाई जा चुकी हैं, लेकिन हादसे वाले स्थान पर अभी भी ग्रिल लगी हुई है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क पर जलभराव की समस्या दूर करने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की है।
वर्जन
शनिवार रात कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है। चालक की पहचान की जा रही है।-सुरेंद्र कुमार, जांच अधिकारी
सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई घटना।- फोटो : नारखी पुलिस की गिरफ्त में विद्युत चोरी की घटना के शामिल आरोपी। स्त्रोत: पुलिस