रेवाड़ी। त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से विशेष रेलसेवाओं का संचालन किया जाएगा। इनमें भिवानी-अजमेर-भिवानी अनारक्षित स्पेशल, उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय-उदयपुर सिटी स्पेशल रेलसेवाएं शामिल हैं।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे त्योहारों के दौरान इन विशेष ट्रेनों का अधिकतम लाभ उठाएं ताकि यात्रा सुगम और सुविधाजनक हो सके। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण ने बताया कि गाड़ी संख्या 04733 भिवानी–अजमेर अनारक्षित स्पेशल दिनांक 24 व 25 अक्टूबर को भिवानी से सुबह 8:20 बजे प्रस्थान कर शाम 4:55 बजे अजमेर पहुंचेगी।
वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 04734 अजमेर–भिवानी अनारक्षित स्पेशल इन्हीं तिथियों में अजमेर से शाम 5:30 बजे रवाना होकर रात्रि 2:40 बजे भिवानी पहुंचेगी। यह ट्रेन मार्ग में चरखी दादरी, झाडली, कोसली, जाटूसाना, रेवाड़ी, अटेली, नारनौल, डाबला, नीमकाथाना, श्रीमाधोपुर, रींगस, फुलेरा, नरेना व किशनगढ़ स्टेशनों पर ठहरेगी। इस रेलसेवा में 10 साधारण श्रेणी के डिब्बे और दो गार्ड डिब्बे सहित कुल 12 कोच होंगे।
उदयपुर सिटी–दिल्ली सराय स्पेशल 26 को
गाड़ी संख्या 09601 उदयपुर सिटी–दिल्ली सराय स्पेशल 26 अक्टूबर को उदयपुर सिटी से सुबह 10:30 बजे रवाना होकर जयपुर में शाम 7:15 बजे पहुंचेगी और अगले दिन प्रातः 2:20 बजे दिल्ली सराय पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09602 दिल्ली सराय–उदयपुर सिटी स्पेशल 27 अक्टूबर को दिल्ली सराय से सुबह 5:00 बजे प्रस्थान कर जयपुर से 11:40 बजे रवाना होगी और उसी दिन रात 9:20 बजे उदयपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन अजमेर, किशनगढ़, नरेना, फुलेरा, अलवर, रेवाड़ी, गुड़गांव, दिल्ली कैंट सहित कई स्टेशनों पर ठहरेगी। इस रेलसेवा में 2 तृतीय एसी, 8 द्वितीय शयनयान, 4 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 16 कोच लगाए जाएंगे।