रेवाड़ी। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के एक शिष्टमंडल ने सोमवार को अतिरिक्त उपायुक्त राहुल मोदी को ज्ञापन सौंपा और किसानों के बकाया भुगतान की समस्या को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
यूनियन के जिला प्रधान समय सिंह ने कहा कि किसानों को अभी तक 2023 के बाजरा भावांतर योजना का पैसा नहीं मिला है। इसके अलावा क्षतिपूर्ति पोर्टल पर दर्ज नुकसान की भरपाई भी नहीं की गई।
उन्होंने बताया कि बाजरा और कपास की क्षतिपूर्ति राशि लंबित है। वहीं 2024-25 सीजन की सरसों और गेहूं की लगभग 40% भुगतान राशि भी किसानों को अब तक प्राप्त नहीं हुई है। किसानों ने यह भी शिकायत की है कि फसल बीमा के दावे की फाइलों का कोई अता-पता नहीं है जिससे किसानों में भारी असंतोष है।
प्रधान समय सिंह ने चेतावनी दी कि यदि एक-दो दिन में किसान यूनियन के प्रतिनिधिमंडल की अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित नहीं की गई और कोई संतोषजनक समाधान नहीं निकला तो यूनियन बड़ा विरोध प्रदर्शन करेगी।
उन्होंने कहा कि किसान और मजदूर की जायज मांगों को अनदेखा नहीं किया जा सकता। यूनियन पहले भी सरकार को कई बार ज्ञापन सौंप चुकी है। बैठकें और विरोध प्रदर्शन कर चुकी है लेकिन अभी तक ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
उन्होंने कहा कि यदि 10 दिनों के भीतर किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन जीटी रोड जाम करने या डीसी कार्यालय में तालाबंदी जैसे कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेगा।
इस मौके पर महिला जिला प्रधान मुन्नी बूढ़पुर, जिला कार्यकारिणी प्रधान राजेंद्र कुमार गेरा, एससी सेल प्रधान राजकुमार, शीशराम साहब, वेद सुल्तानिया, ममता यादव सहित कई किसान नेता मौजूद रहे।
सभी ने एक स्वर में कहा कि सरकार को किसानों की मेहनत का सम्मान करते हुए जल्द से जल्द बकाया राशि जारी करनी चाहिए अन्यथा आंदोलन तेज किया जाएगा।