जीएसटी डिप्टी कमिश्नर प्रीति चौधरी को चित्र भेंट करता संस्था का प्रतिनिधिमंडल। स्रोत : संस्था
रेवाड़ी। शहीद-ए-आजम भगत सिंह के बलिदानी दिवस के उपलक्ष्य में वीर भगतसिंह युवा दल के तत्वावधान में संपर्क अभियान चलाया गया। संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल जीएसटी डिप्टी कमिश्नर प्रीति चौधरी से उनके कार्यालय में मिला। प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए प्रीति चौधरी ने कहा कि भगत सिंह ने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।
उनके प्रति श्रद्धांजलि यही होगी कि युवा प्रतिदिन कुछ नया सीखें और अपने कौशल को विकसित करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को किताबी ज्ञान के साथ-साथ तकनीकी ज्ञान भी प्राप्त करना चाहिए। सरकार की ओर से युवाओं के कौशल विकास और प्रोत्साहन के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं जिनका लाभ उठाकर युवा देश की प्रगति में योगदान दे सकते हैं।
वीर भगतसिंह युवा दल के प्रधान दिनेश कपूर ने कहा कि संगठन का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति और समाज के लिए कुछ सकारात्मक करने की भावना जगाना है।
इस अवसर पर संस्था की ओर से प्रीति चौधरी को भगत सिंह व भारत माता के चित्र और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में ईटीओ परमजीत यादव, नीरज गर्ग, नरेश चौधरी, जिला कर अधिकारी अभिमन्यु, संस्था के संरक्षक अरुण गुप्ता, महिला प्रधान दीपा भारद्वाज आदि उपस्थित रहे।