रेवाड़ी। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने आमजन से रिफंड के नाम पर हो रही साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही से बैंक खाता खाली हो सकता है। इसलिए किसी भी कॉल या मैसेज पर भरोसा करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें।
एसपी ने बताया कि इन दिनों साइबर अपराधी लोगों को ऑनलाइन शॉपिंग, बैंक ट्रांजेक्शन, बिजली बिल, मोबाइल रिचार्ज या अन्य सेवाओं के रिफंड का झांसा देकर कॉल या मैसेज करते हैं।
ठग खुद को बैंक कर्मचारी, ई-कॉमर्स कंपनी के प्रतिनिधि या किसी सर्विस एजेंसी का अधिकारी बताकर लोगों से बैंक डिटेल, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी मांगते हैं। कई बार वे लिंक भेजकर उस पर क्लिक करवाते हैं या स्क्रीन शेयरिंग एप डाउनलोड करवाकर मोबाइल की एक्सेस ले लेते हैं और खाते से पैसे निकाल लेते हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान कॉल या मैसेज पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें। बैंक या कोई भी संस्था फोन पर ओटीपी, पासवर्ड या यूपीआई पिन नहीं मांगती। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई ऐप डाउनलोड या स्क्रीन शेयर न करें।
एसपी ने बताया कि यदि किसी के साथ साइबर धोखाधड़ी हो जाती है तो तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते शिकायत करने से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।