धारूहेड़ा। धारूहेड़ा-रेवाड़ी मार्ग पर मंगलवार की रात में दो युवकों ने सवारी बनकर एक ऑटो चालक से मोबाइल फोन और नकदी लूट ली। चालक ने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करा दी है।
दुर्गा कॉलोनी निवासी रवि ने बताया कि वह रेवाड़ी रेलवे स्टेशन से धारूहेड़ा के बीच ऑटो चलाता है। मंगलवार की शाम वह सवारियों को लेकर धारूहेड़ा छोड़ने गया था। सवारियों को छोड़कर लौटते समय दिल्ली-जयपुर हाईवे पर विपुल गार्डन के पास सड़क किनारे खड़े 2 युवकों ने ऑटो रुकवाया और उसमें सवार हो गए। दोनों ने चालक को बताया कि उन्हें रेवाड़ी जाना है। कुछ दूर जाने पर दोनों युवकों ने रवि के साथ मारपीट शुरू कर दी। इससे पहले रवि कुछ समझ पाता, युवकों ने उसकी जेब से उसका मोबाइल फोन व 1040 रुपये निकाल लिए और भाग गए। रवि ने किसी राहगीर की मदद से वारदात की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों की तलाश आसपास की, लेकिन, उनका कोई भी सुराग नहीं लगा।
-------------
पहले भी हो चुकी हैं वारदात
-30 जनवरी की रात को शहर के सर्कुलर रोड पर नाईवाली चौक के समीप एक राज मिस्त्री के साथ मारपीट कर उससे 5 हजार रुपये लूट लिए थे। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
- 2 फरवरी की दोपहर को शहर के माता चौक के समीप बाइक सवार युवकों के साथ मारपीट कर दो युवकों ने मोबाइल छीने और उन्हें धमकी देकर भाग गए थे। इसमें शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था, लेकिन अभी तक दोनों युवक पुलिस की गिरफ्त नहीं आए हैं।
- 7 फरवरी को बावल तहसील के मुख्य द्वार के पास करीब 10 बजे एक सीएससी संचालक से युवकों ने पिस्तौल दिखाकर 22 हजार रुपये लूटे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच में यह लूट की वारदात झूठी निकली। इसके बाद पुलिस ने सीएससी संचालक के खिलाफ ही झूठी शिकायत देने का मामला दर्ज कर लिया था।
- 8 फरवरी की सुबह दिल्ली-जयपुर हाईवे पर असाही पुल से बदमाशों ने एक कंपनी कर्मी से लिफ्ट लेकर पिस्टल प्वाइंट पर उनकी कार को लूट लिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद कंपनी कर्मी को मारपीट कर चलती कार से धक्का देकर फरार हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया था।
------------
कोट
बावल क्षेत्र में लूट की घटना झूठी निकली और एक अन्य एक वारदात में पुलिस ने एक गाड़ी बरामद की है। अभी जांच जारी है। जिले में किसी को भी कानून व्यवस्था बिगाड़ने नहीं दिया जाएगा। जल्द लूट की वारदात में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।
-राजेश कुमार, डीएसपी, बावल