संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। उद्योग मंत्री राव नरबीर ने कहा कि पंच वर्षीय योजना में आईएमटी स्थापित करने की कोशिश है। सरकार प्रदेश में छह आईएमटी पर काम कर रही है। अंबाला रीजन में दो सिरे चढ़ चुकी हैं। रेवाड़ी में किसानों से बातचीत के बाद मार्च में ई-पोर्टल खोला जाएगा।
वे रविवार रात को एक शादी समारोह में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जींद आईएमटी की प्रक्रिया भी ऐसे ही चल रही है। रेवाड़ी में इसी पंच वर्षीय योजना में आईएमटी बनाने का प्रयास किया जाएगा। राव नरबीर सिंह ने कहा कि साहबी में गंदा पानी रोकने के लिए सरकार ने योजना तैयार कर ली है जिसे अमल में लाने के लिए काम किया जा रहा है।
सिंचाई विभाग को साहबी नदी से पानी निकालने के लिए कह दिया है। यह पानी निकलने के बाद साहबी में गंदा पानी जाने से रोकने के पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे। रेवाड़ी नगर परिषद में भ्रष्टाचार के सवाल पर राव नरबीर ने कहा कि कोई किसी पर भी आरोप लगा सकता है।
हमारी सरकार किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेगी। शिकायत मिली तो जांच होगी और नियमानुसार उचित कार्रवाई भी की जाएगी।