धारूहेड़ा के सोहना रोड पर यूनियन बैंक के एटीएम बूथ पर पैसे निकलाने गए एक व्यक्ति का शातिर बदमाशों ने एटीएम कार्ड बदलकर दो बार में 30 हजार रुपये की नकदी साफ कर दी। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मूलरूप से यूपी के औरया निवासी कृष्ण मुरारी यादव धारूहेड़ा में रहता है। बीते दिन वह सोहना रोड पर यूनियन बैंक के एटीएम बूथ से पैसे निकलवाने के लिए गए थे। एटीएम से 10 हजार रुपये नकदी भी निकलवा ली, लेकिन इसी बीच पहले से एटीएम बूथ के बाहर खड़े दो युवक अंदर आ गए और कृष्ण मुरारी को बातों में लगाकर उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। कुछ देर बाद ही शातिर बदमाशों ने उसके खाते से दो बार क्रमश 20 व 10 हजार रुपए की नकदी साफ कर दी। 30 हजार रुपये की नकदी साफ होने का मेसेज आते ही उसने तुरंत पुलिस और बैंक को सूचित किया। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।