संवाद न्यूज एजेंसी
डहीना। कंवाली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जिलास्तरीय कानूनी साक्षरता मिशन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें पांचों शैक्षणिक खंडों से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहने वाली टीमों ने भाग लिया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आसियाकी पांचौर सांपली की टीम विजेता रही।
सर्वप्रथम प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सभी टीमों का स्क्रीनिंग टेस्ट लिया गया और सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली 8 टीमों का चयन मुख्य राउंड की प्रश्नोत्तरी के लिए किया गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आसियाकी पांचौर सांपली की टीम में शामिल छात्राओं कविता 12वीं, मनीषा 11वीं आर्ट्स और ज्योति दसवीं कक्षा ने सर्वोच्च दो टीमों में रहकर मुख्य राउंड की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रवेश किया। आरटीई, आरटीआई, कन्याभ्रूण हत्या, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह आदि विभिन्न 18 कानूनी अधिनियमों व विषयों पर आधारित केबीसी की तर्ज पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मुख्य राउंड, रैपिड फायर राउंड और बजर राउंड के बाद रावमा विद्यालय, आसियाकी पांचौर सांपली की टीम ने 85 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त कर विजेता बनी।
विजेता छात्राओं को कार्यक्रम संयोजक डीओसी प्रदीप यादव तथा अन्य उपस्थित विशिष्ट अतिथियों ने छात्राओं को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। अब विद्यालय की टीम गुरुग्राम में आयोजित होने वाली मंडल स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में जिला रेवाड़ी का प्रतिनिधित्व करेगी। विजेता छात्राओं सहित टीम मेंटर इतिहास प्रवक्ता हरपाल सिंह को विद्यालय पहुंचने पर मंगलवार को प्राचार्या साकारलता, प्रवक्ता सुरेन्द्र, रितिका, अन्नुबाला, विकास यादव, मोनिका, मास्टर देशराज, अनिल, सुनील, कपूर सिंह, पूनम, अनिता, परविंदर आदि ने विद्यालय का नाम रोशन करने पर सम्मानित किया और उन्हें शुभकामनाएं देते हुए आगे भी सफलता अर्जित करने की मनोकामना की।