संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण व शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में यमुनानगर के जगाधरी में 5 और 6 नवंबररो राज्यस्तरीय कानूनी साक्षरता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें आसियाकी पांचौर सांपली स्कूल राज्य स्तर पर प्रथम रहा।
पहले दिन सत्र 2023-24 की प्रतियोगिताओं के तहत हरियाणा के सभी छह मंडलों से प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहने वाली सरकारी व निजी विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। सभी 18 टीमों का 50 अंकों का स्क्रीनिंग टेस्ट लिया गया, जिसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आसियाकी पांचौर सांपली ने दूसरे स्थान पर रहते हुए अन्य 7 टीमों के साथ मुख्य क्विज के लिए क्वालीफाई किया। आरटीई, आरटीआई, कन्या भ्रूण हत्या, पॉक्सो एक्ट आदि विभिन्न 18 कानूनी अधिनियमों पर आधारित केबीसी की तर्ज पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के मुख्य राउंड, रैपिड फायर राउंड और बजर राउंड के बाद इतिहास प्रवक्ता हरपाल सिंह के मार्गदर्शन में भाग ले रही रा.व.मा.वि आसियाकी पांचौर सांपली जिला रेवाड़ी की टीम में शामिल महक कक्षा 12वीं, नेहा 12वीं एवं कविता 11वीं ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान अर्जित कर प्रशस्ति-पत्र एवं 11000 रुपये राशि प्रत्येक ने पुरस्कार जीता। इसके अतिरिक्त सत्र 2024-25 की प्रतिस्पर्धा में भी विद्यालय की टीम में शामिल कविता 12वीं कक्षा एवं ज्योति 10वीं कक्षा ने भी राज्य स्तर पर छठा स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय पहुंचने पर सभी छात्राओं और उनके मेंटर हरपाल सिंह, विकास यादव, वर्षा व देशराज का स्वागत किया गया। सभी विजेता छात्राओं को 1100-1100 रुपये देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्या साकारलता ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में कोई न कोई विशिष्ट प्रतिभा छुपी होती है। इसे प्रोत्साहन व मार्गदर्शन देकर संवारा जा सकता है। इस मौके पर तेजपाल सरपंच, कैलाश भारद्वाज एसएमसी प्रधान, कृष्ण नम्बरदार उपस्थित रहे।