रेवाड़ी। एक दुकान में बेचा जा रहा नींबू। संवाद
रेवाड़ी। जिले में दिन प्रतिदिन बढ़ते तापमान से लोगों का गर्मी से अब बुरा हाल होने लगा है। मौजूदा समय में नींबू की मांग भी काफी बढ़ चुकी है। इस वजह से दाम भी आसमान छूने लगे हैं। शहर में नींबू 200 से 250 रुपये किलोग्राम के हिसाब से बिक रहा है।
सब्जी मंडी के दुकानदार राजेश, सुनील, विनोद का कहना है कि नींबू के भाव में आज तक उन्होंने इतनी तेजी कभी नहीं देखी है। ऐसा इसलिए क्योंकि बीते दिनों में अन्य राज्यों में ओलावृष्टि हुई थी। इसके चलते नींबू की फसल काफी खराब हो चुकी थी। इसके चलते दामों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। साथ ही उनका कहना है कि आने वाले दिनों में जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी नींबू के दामों में और ज्यादा इजाफा देखने को मिलेगा।
अभी तो मई चल रहा है। आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा बढ़ेगी। तब दाम 300 रुपये किलो तक भी पहुंच सकता है। स्थानीय दुकानदार रमेश ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ लोग नींबू खरीदने तो दुकान पर आ रहे हैं, लेकिन इस बार बढ़े दामों के कारण खरीद करने से पीछे हट रहे हैं।
इंसेट
शिकंजवी का दाम बढ़ा
नींबू के भाव बढ़ने से शिकंजवी की मांग में काफी कमी देखी जा रही है। कुछ दिन पहले शिकंजवी का गिलास 10 से 15 रुपये मिल जाता था। वहीं मौजूदा समय में 20 से 30 रुपये की बिक रही है। दुकानदार राजू ने बताया कि नींबू के दाम बढ़ने से काफी फर्क पड़ा है।