रेवाड़ी। रेवाड़ी-सादलपुर रेलखंड पर समपार संख्या-78 डहीना-जैनाबाद रेलवे स्टेशन के निकट निर्माणाधीन रोड ओवरब्रिज और अंडरब्रिज परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है। यह कार्य रेलवे बोर्ड की ओर से वर्ष 2022-23 के अंब्रेला वर्क के अंतर्गत स्वीकृत किया गया था। उत्तर-पश्चिम रेलवे की गति शक्ति यूनिट बीकानेर इसकी देखरेख कर रही है।
यह परियोजना हरियाणा राज्य सड़क एवं पुल विकास निगम लिमिटेड (एचएसआरडीसी) की ओर से भागीदारी के आधार पर क्रियान्वित की जा रही है। सामाजिक कार्यकर्ता विवेक भाटोटिया ने बताया कि लॉन्चिंग स्कीम के लिए मार्च में उत्तर-पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक को को पत्र लिखा था। अब जयपुर मुख्यालय ने मंजूरी दी है।
हालांकि अभी मंडल रेल प्रबंधक बीकानेर की ओर से रेलवे ट्रैक वर्क ऑर्डर एवं ट्रेन ब्लॉकेज की अंतिम स्वीकृति मिलना बाकी है। इसी स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य दोबारा तेज गति से शुरू हो सकेगा।
विवेक भाटोटिया का कहना है कि निर्माण कार्य लंबे समय से रुका होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वर्तमान में क्षेत्रवासियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लगभग छह किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। क्षेत्र के लोगों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द ट्रेन ब्लॉकेज और ट्रैक वर्क ऑर्डर की मंजूरी प्रदान की जाए, ताकि वर्षों से लंबित यह महत्वपूर्ण परियोजना शीघ्र पूरी हो सके।