कुंड। सैनिक स्कूल गोठड़ा अहीर में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठी और नौवीं में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ऑल इंडिया सैनिक स्कूल एंट्रेंस एग्जाम-2027 के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक विद्यार्थी 2 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कैप्टन बृज किशोर ने बताया कि कक्षा छठी में करीब 100 और नौवीं में 45 सीटों पर दाखिले संभावित हैं। हालांकि, विद्यार्थियों के उत्तीर्ण होने और विद्यालय छोड़ने के आधार पर सीटों की संख्या में बदलाव हो सकता है। प्रवेश परीक्षा की मेरिट और निर्धारित मेडिकल फिटनेस के आधार पर दाखिले दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कक्षा छठी में प्रवेश के लिए विद्यार्थी का जन्म 1 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2017 के बीच होना चाहिए। वहीं, कक्षा नौवीं के लिए जन्म तिथि 1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2014 के बीच निर्धारित की गई है। प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को ओएमआर आधारित बहुविकल्पीय प्रश्नों के माध्यम से आयोजित होगी।
सामान्य आवेदन की अंतिम तिथि 2 दिसंबर निर्धारित की गई है। इसके बाद 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ 3 से 6 दिसंबर तक आवेदन किया जा सकेगा। आवेदन में संशोधन 7 से 9 दिसंबर तक कर सकेंगे। इच्छुक अभ्यर्थी एनटीए पर आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी और विवरणिका भी वेबसाइट पर उपलब्ध है।