रेवाड़ी। सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की पढ़ाई कराई जाएगी। शिक्षा विभाग की ओर से नौवीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को तकनीक की नई जानकारियों से जोड़ने की तैयारी की गई है। इसके लिए कंप्यूटेशनल थिंकिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित विशेष मॉड्यूल तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीक समझने, सवाल पूछने और रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान खोजने के लिए सक्षम बनाना है।
शिक्षा विभाग की इस पहल के तहत विद्यार्थियों को केवल किताबी जानकारी तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें एआई के व्यावहारिक इस्तेमाल के बारे में भी बताया जाएगा। विद्यार्थी जान सकेंगे कि एआई कैसे काम करता है, कंप्यूटर किस तरह सोचने और जानकारी का विश्लेषण करने में मदद करता है और तकनीक के माध्यम से किसी समस्या का समाधान कैसे खोजा जा सकता है।
योजना के पहले चरण में नौवीं और दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को एआई और कंप्यूटेशनल थिंकिंग की बुनियादी जानकारी दी जाएगी। इसके बाद 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को एडवांस लेवल के प्रोजेक्ट के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने और भविष्य की जरूरतों के अनुसार खुद को तैयार करने का अवसर मिलेगा।
शिक्षकों को भी दिया जाएगा प्रशिक्षण
इस पहल को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए शिक्षकों को भी विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें बताया गया कि विद्यार्थियों को किस तरह एआई की जानकारी देनी है और उन्हें तकनीकी गतिविधियों में कैसे शामिल करना है। शिक्षकों को एआई टूल्स के सही इस्तेमाल और कंप्यूटेशनल थिंकिंग की अवधारणा समझाने के तरीके भी बताए गए हैं।
वर्जन
कंप्यूटेशनल थिंकिंग के माध्यम से विद्यार्थियों में तार्किक सोच विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। वे बड़ी समस्याओं को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर उनका समाधान खोजना सीखेंगे। इसके साथ ही एआई के उपयोग से शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में होने वाले बदलावों की जानकारी भी दी जाएगी। इससे सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ सकेंगे।-दीपक यादव, प्रशिक्षक डायट रेवाड़ी।