रेवाड़ी। पीएम श्री जवाहर नवोदय स्कूल नैचाना में सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं एवं 11वीं में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए वर्तमान में कक्षा 8वीं में पढ़ रहे छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते हैं। इसी प्रकार कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए कक्षा 10वीं में अध्ययनरत विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन करने के लिए नवोदय स्कूल समिति की अधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भरा जा सकता है। आवेदन की अंतिम तिथि 23 सितंबर निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि कक्षा 9वीं के लिए आवेदन करने वाले छात्रों की जन्म तिथि 1 मई 2011 से 31 जुलाई 2013 (दोनों तिथियां शामिल) के बीच होनी चाहिए।
कक्षा 11 वीं के लिए आवेदन करने वाले छात्रों की जन्म तिथि 1 जून 2009 से 31 जुलाई 2011 के बीच होनी आवश्यक है। प्रवेश परीक्षा 7 फरवरी 2026 को शनिवार के दिन आयोजित की जाएगी। इच्छुक और योग्य छात्र निर्धारित समय सीमा 23 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं।