रेवाड़ी। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 अगस्त कर दी गई है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से दिए गए इस अवसर के तहत जिले के प्रतिभाशाली और असाधारण उपलब्धियां हासिल करने वाले बच्चे राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
उपायुक्त अभिषेक मीणा ने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार देश का प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान है। यह पुरस्कार विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले बच्चों को प्रदान किया जाता है। पुरस्कार के लिए वीरता, समाज सेवा, पर्यावरण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी छह श्रेणियां निर्धारित की गई हैं।
15 अगस्त तक 18 वर्ष से कम आयु के ऐसे बच्चों को पुरस्कार के लिए नामांकित किया जा सकता हैं, जिन्होंने किसी क्षेत्र में असाधारण उपलब्धि हासिल की हो या समाज के लिए प्रेरणादायक कार्य किया हो।
नामांकन एवं अनुशंसा केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार की जाएंगी। डीसी ने शिक्षा विभाग, खेल विभाग, विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं, अभिभावकों और लोगों से आह्वान किया कि प्रतिभाशाली बच्चों की पहचान कर उनके नाम पुरस्कार के लिए भेजें। पुरस्कार बच्चों की प्रतिभा, नवाचार, साहस और सामाजिक उत्तरदायित्व को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
योग्य बच्चों की उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच मिलने से अन्य बच्चों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी। आवेदन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर किए जा सकते हैं।