संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग ने दो वर्षीय मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (एमसीए) कार्यक्रम में प्रवेश को लेकर आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 30 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विभागाध्यक्ष प्रोफेसर सत्येंद्र बल ने बताया कि एमसीए पाठ्यक्रम को आधुनिक आईटी उद्योग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को डेढ़ वर्ष तक विश्वविद्यालय परिसर में तकनीकी एवं अकादमिक शिक्षा दी जाएगी, जबकि अंतिम छह माह का प्रशिक्षण उद्योग आधारित व्यावहारिक अनुभव और रोजगारोन्मुख कौशल विकास पर केंद्रित रहेगा।
उन्होंने बताया कि पाठ्यक्रम में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, प्रोग्रामिंग, डेटाबेस मैनेजमेंट, वेब टेक्नोलॉजी, कंप्यूटर एप्लीकेशन तथा उभरती डिजिटल तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। एमसीए कार्यक्रम में कुल 60 सीटें निर्धारित की गई हैं। प्रवेश प्रक्रिया और पात्रता संबंधी विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।