रेवाड़ी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि अब 18 मई से बढ़ा कर 10 जून कर दी गई है। अब दाखिले के लिए विद्यार्थी 10 जून तक आवेदन कर सकेंगे।
गांव लिसाना और धामलावास स्थित राजकीय बहुतकनीकी संस्थानों में नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चल रही है और अब तक दोनों संस्थानों को मिलाकर 390 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 10 जून तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। आवेदन के लिए अभ्यर्थी का 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। दाखिला प्रक्रिया 10वीं में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर पूरी की जाएगी।
दोनों संस्थानों में विभिन्न ब्रांचों की कुल 780 सीटों पर दाखिले किए जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि बोर्ड परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद आवेदन प्रक्रिया में तेजी आएगी।
धामलावास में आठ डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित
राजकीय बहुतकनीकी संस्थान (पॉलीटेक्निक) धामलावास में विद्यार्थियों के लिए कुल आठ डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें ऑटोमोबाइल, कंप्यूटर, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, मैकेनिकल, मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी, इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल इंजीनियरिंग और प्लास्टिक इंजीनियरिंग शामिल हैं।
-
लिसाना संस्थान में छह डिप्लोमा कोर्स उपलब्ध
राजकीय बहुतकनीकी संस्थान लिसाना में छह प्रमुख पाठ्यक्रम संचालित हैं। यहां मैकेनिकल, सिविल, इलेक्ट्रिकल, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स और मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी के डिप्लोमा कोर्स उपलब्ध हैं। दोनों राजकीय बहुतकनीकी संस्थानों में विद्यार्थियों के लिए आधुनिक लैब, वर्कशॉप और अनुभवी स्टाफ की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
ऑनलाइन आवेदन के लिए जरूरी प्रमाणपत्र
राजकीय बहुतकनीकी संस्थानों में ऑनलाइन आवेदन के लिए हरियाणा के विद्यार्थियों को परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) देना अनिवार्य है। परिवार पहचान पत्र में आय सत्यापित होना भी जरूरी रहेगा। आरक्षण का लाभ लेने वाले विद्यार्थियों को संबंधित श्रेणी प्रमाणपत्र जमा करना होगा। इसके अलावा आय प्रमाणपत्र और 10वीं कक्षा की मार्कशीट भी आवेदन के दौरान अपलोड करनी होगी। अधिकारियों ने आवेदन से पहले सभी दस्तावेज तैयार रखने की सलाह दी है।
वर्जन:
हरियाणा बोर्ड के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 जून कर दी गई है। अधिक से अधिक विद्यार्थी समय रहते ऑनलाइन आवेदन करें।-धर्मपाल यादव, दाखिला नोडल अधिकारी, राजकीय बहुतकनीकी संस्थान।