संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। नए सत्र में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में भी प्रवेश को लेकर तैयारी पूरी हो चुकी हैं। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की तरफ से भी आईटीआई में दाखिले को लेकर इच्छुक विद्यार्थियों को अपने सभी प्रवेश से संबंधित कागज पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार से आवेदन शुरू हो जाएंगे।
जिले में 23 राजकीय व निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान है। इन संस्थानों में विभिन्न व्यवसाय की करीब साढ़े 5 हजार सीटें हैं। इन सीटों पर नए सत्र में दाखिले होने हैं। जिले में हर बार आईटीआई में इलेक्ट्रीशियन, फिटर व टर्नर ट्रेड में काफी दौड़ रहती है। अनुमान है कि वर्ष 2024-25 में 10वीं व 12वीं में अधिकतर विद्यार्थी पास हुए हैं, जिसको लेकर इस बार दाखिले में काफी मारामारी हो सकती हैं। अधिकारियों का कहना है कि विद्यार्थी अपने डाक्यूमेंट्स पूरे कर लें। क्योंकि बाद में काफी परेशानी हो सकती है। अगर डॉक्यूमेंट पूरे रहेंगे तो दाखिले में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी। ऐसे में डाक्यूमेंट्स पूरे करने बहुत जरूरी है। दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थी 21 जून तक आवेदन कर सकेंगे।
वर्जन:
आईटीआई में प्रवेश के लिए मुख्यालय की ओर से शेड्यूल आ चुका है। आज से आवेदन शुरू होंगे।-सुनील यादव, प्राचार्य राजकीय आईटीआई कॉलेज रेवाड़ी।