बावल। स्थानीय पुलिस ने 6 साल पहले नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के जिला सीतामढ़ी के गांव परसौनी खिरोधर हाल मुकाम दिल्ली के नजफगढ़ के दास गार्डन बापडोला निवासी संजय चौधरी के रूप में हुई है। एक आरोपी पहले गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार 11 अक्तूबर 2019 को गांव दुल्हेड़ा खुर्द निवासी श्योदान सिंह ने शिकायत में बताया था कि जिला चरखी दादरी के मोहल्ला गांधी नगर निवासी उमेद सिंह ने उसके बेटे को रेल विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर वर्ष 2012 में 5 लाख रुपये लिए थे।
विज्ञापन
इसके बाद उमेद ने उसके बेटे का फर्जी ज्वाइनिंग लेटर बनवा दिया। फर्जी मेडिकल लेटर भी तैयार कराकर दे दिया। हकीकत पता चलने के बाद उमेद ने उसे 2.40 लाख रुपये लौटाए लेकिन शेष 2.60 लाख रुपये लौटाने से मना कर दिया।
मामले में पुलिस ने थाना बावल में ठगी का मामला दर्ज किया था। मामले में आरोपी उमेद सिंह को पहले गिरफ्तार किया था। बुधवार को इस मामले में संलिप्त एक और आरोपी संजय चौधरी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।