संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। साइबर थाना पुलिस ने शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का लालच देकर ठगी करने के मामले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जिला सिरसा के गांव चाहरवाला निवासी कुलदीप के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि गत वर्ष 24 जून को जिला गुरुग्राम के गांव कासन हाल आबाद द्वारकाधीश सोसाइटी धारूहेड़ा निवासी पवन कुमार ने शिकायत में बताया था कि वह शेयर मार्केट में पैसा निवेश करना चाहता था। इसके लिए वह एक व्हाट्स एप ग्रुप से जुड़ गया।
ग्रुप एडमिन ने मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया और 1 करोड़ 54 लाख 60 हजार रुपये अलग-अलग खातों में डलवा लिए। मुनाफे की राशि पाने के लिए पैसा जमा कराने को कहा गया, तो उसे ठगी का पता चला।
पुलिस ने साइबर थाना रेवाड़ी में ठगी का मामला दर्ज करके मामले में दो आरोपियों बिहार के जिला इस्ट चंपारण के गांव रंजीता हाल गांव रघुनाथपुर निवासी रंजन कुमार व पश्चिम बंगाल के जिला अलीपुरदार के जयगांव निवासी दावा लाम्बा को गिरफ्तार किया था। अब कुलदीप को गिरफ्तार किया है।