संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। वर्ष 2016 में शहर के राजेश पायलट चौक पर नाकाबंदी के दौरान पुलिसकर्मी की पिकअप गाड़ी से कुचलकर हत्या करने के मामले में 8 साल से फरार एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जिला नूंह के गांव घासेड़ा निवासी दिलशाद के रूप में हुई है। इस वारदात में शामिल चार आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 10 अप्रैल 2016 की रात को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पिकअप गाड़ी में गोकशी के लिए गायों को भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने राजेश पायलट चौक के पास तुरंत नाकेबंदी शुरू कर दी। कुछ समय बाद गायों भरी बिना नंबर प्लेट की एक पिकअप गाड़ी वहां आई। जिसमें 7 से 8 व्यक्ति बैठे हुए थे। जब गाड़ी चालक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो उसने गाड़ी पुलिसकर्मियों पर चढ़ा दी। जिससे कांस्टेबल राजसिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इलाज के दौरान कांस्टेबल राजसिंह की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना माडल टाऊन रेवाड़ी में हत्या व हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके मामले में चार आरोपी समीर, तौफिक उर्फ भल्ली, खालिद व तालिम को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।