गांव खलियावास के पास आयोजित कृषि संगोष्ठी। स्रोत : किसान
धारूहेड़ा। दिल्ली-जयपुर राजमार्ग स्थित गांव खलियावास के पास कृषि संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें कृषि अधिकारियों और विशेषज्ञों ने किसानों को प्राकृतिक खेती, श्रीअन्न, बाजरा उत्पादन और टिकाऊ कृषि तकनीकों की जानकारी दी। उपायुक्त अभिषेक मीणा ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के संयुक्त निदेशक कृषि एवं हमेटी, जींद के निदेशक डॉ. सुरेंद्र यादव विशेष अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और कम लागत वाली कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने से किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध हो सकता है।
बावल के एसडीएम संजीव कुमार ने समिति की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए किसान और उपभोक्ता हित में शुरू की गई पहल की सराहना की।
समिति की ओर से शुरू किए गए खुदरा केंद्र के माध्यम से किसानों और उपभोक्ताओं को सीधे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। केंद्र पर प्राकृतिक खेती से तैयार फसलें, देसी अनाज, दालें, आटा और शुद्ध मसाले सहित विभिन्न उत्पाद उपलब्ध होंगे।
इसके अलावा प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक कृषि सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। आयोजकों के अनुसार पहल का उद्देश्य किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के साथ उपभोक्ताओं तक भरोसेमंद प्राकृतिक उत्पाद पहुंचाना है।