संंवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। रामगढ़ गांव निवासी ब्रह्मप्रकाश (72) की नाले के चैंबर में गिरने से मौत हो गई। वह साइकिल से पानी लाने के लिए जा रहे थे कि साइकिल बेकाबू होने से वह नाले के चेंबर में गिर गए और नाले में पत्थर से सिर टकराने के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है जिसमें बुजुर्ग नाले में गिरते हुए दिख रहे हैं। ब्रह्मप्रकाश 2 बच्चों के पिता थे। फुटेज में दिख रहा है कि ब्रह्म प्रकाश साइकिल पर सवार होकर भगवानपुर गांव की ओर मुड़ते हैं। उसी समय, भगवानपुर गांव से एक काले रंग की गाड़ी रामगढ़ गांव की तरफ मुड़ती है। इसी बीच उनकी साइकिल बेकाबू होकर नाले के तरफ चली जाती है।
बुजुर्ग साइकिल से नीचे उतरने और उसे रोकने की कोशिश करते हैं, लेकिन वह नाले के चैंबर में जाकर गिर जाते हैं। तभी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक रुक कर ब्रह्मप्रकाश को नाले से निकालने का प्रयास करता है।
ब्रह्मप्रकाश रोजाना पड़ोस के गांव भगवानपुर में हैंडपंप से साइकिल पर पानी लेने के लिए जाते थे। शनिवार भी वह पानी लेने ही जा रहे थे। वह कई साल से हर रोज सुबह पानी लेने के लिए भगवानपुर जाते थे। वहां के एक हैंडपंप का पानी मीठा है, जिसे घर के लोग पीने के लिए प्रयोग करते थे। उसी हैंडपंप का पानी अच्छा लगता था। वहां से वे हर रोज साइकिल पर पानी लेने जाते थे।
शनिवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे जब पिता भगवानपुर गांव में मंदिर के पास पहुंचे तो उनकी साइकिल अचानक से सड़क के दूसरी तरफ चली गई और नाले के चैंबर में जा गिरी। जहां पर सिर पत्थर पर जा टकरा गया। सिर में गहरी चोटें आने से उनकी मौत हो गई। उन्हें रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर लेकर परिजन पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोगों ने फिलहाल किसी के खिलाफ शिकायत नहीं दी है।