रेवाड़ी। नेहरू पार्क सुधार समिति की बैठक वीरवार को नेहरू पार्क में में अजय मित्तल की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान पार्क के विकास कार्यों में अनियमितताओं पर चर्चा की गई। समिति के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से रामचंदर को समिति का प्रधान नियुक्त किया।
बैठक में लोगों ने कहा कि नेहरू पार्क शहर की पहचान माना जाता है, लेकिन नगर परिषद द्वारा करीब 63 लाख 90 हजार रुपये का वर्क ऑर्डर जारी किए जाने के बावजूद कार्य संतोषजनक नहीं हुआ। सदस्यों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने तय मानकों के अनुसार काम नहीं किया और बिना कार्य के भुगतान कर दिया गया।
समिति ने पूरे मामले की विजिलेंस जांच कराने की मांग उठाई। साथ ही जिस फर्म को टेंडर दिया गया है, उसे ब्लैकलिस्ट करने की मांग भी की गई। सदस्यों ने विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि आगामी गवर्नेंस कमेटी की बैठक में उपायुक्त और हरियाणा सरकार के मंत्री रणवीर गंगवा को भी इस मामले की शिकायत दी जाएगी।
इस मौके पर उपप्रधान केके जांगिड़, सचिव एडवोकेट मधुसूदन शर्मा, कोषाध्यक्ष विनोद गुप्ता, पूर्व पार्षद राजेंद्र सिंहल, रेडक्रॉस सदस्य दीपक मंगला, एडवोकेट भूपेंद्र सिंह गुप्ता, ग्रीस सिंगला, संजय चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।