भिवाड़ी। स्थानीय राजकीय कन्या कॉलेज की छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार करने के आरोप प्राचार्य पर लगाए गए हैं। इसको लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नगर मंत्री अनूप यादव ने सोमवार को कॉलेज से लेकर एडीएम ऑफिस तक पैदल मार्च किया।
भिवाड़ी एडीएम को एक ज्ञापन देकर इन मुद्दों की जांच की मांग की है। ज्ञापन में महाविद्यालय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा है कि छात्राओं की शिक्षा और सुरक्षा पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
ज्ञापन के अनुसार प्रिंसिपल द्वारा महाविद्यालय में केवल कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना है। राज्य सरकार के सहकारिता विभाग के कार्यक्रमों को अनुमति देने से इनकार किया जा रहा है। यादव ने एडीएम से अनुरोध किया है कि सीएसआर के माध्यम से किए गए सभी कार्यों की वित्तीय जांच कराई जाए।
आगे कहा कि छात्राओं ने हिंदी विषय के शिक्षक के अनुचित व्यवहार की शिकायत की थी, लेकिन प्राचार्या ने कोई कार्रवाई नहीं की है। यादव ने इसकी जांच की मांग की है।
वहीं, गर्ल्स कॉलेज की प्रिंसिपल रश्मि पारीक ने बताया कि गत 1 सितंबर को छात्राओं के द्वारा ज्ञापन दिया गया था। जिस पर कार्रवाई चल रही है नोडल प्रभारी और उच्च अधिकारियों को छात्राओं की सभी समस्याओं को बताया गया है।
सभी प्रोफेसर के साथ एक बैठक बुलाई गई है उसमें छात्राओं की सभी समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। हिंदी के प्रोफेसर पर छात्रों के द्वारा लगाए गए आरोपों की उन्हें जानकारी नहीं है। अगर इस तरह की भी कोई बात है तो उसकी जांच करवाई जाएगी। बाकी छात्रों की सुरक्षा के लिए कॉलेज में दो गार्ड लगाए गए हैं पूरी सुरक्षा विद्यार्थियों को दी जा रही है। बाकी अन्य समस्याओं का समाधान जल्द ही कर दिया जाएगा।