अक्षय तृतीया का त्योहार रविवार को मनाया जाएगा। इस दिन को अबूझ विवाह का शुभ मुहूर्त माना जाता है जिसके चलते जिले में करीब 50 शादियां होने का अनुमान है। इस दिन बिना ज्योतिषीय परामर्श के भी विवाह संपन्न किए जा सकते हैं जिससे बड़ी संख्या में परिवार इस तिथि को विवाह के लिए चुनते हैं।
शहर के बैंक्वेट हॉल, मैरिज होम और फार्म हाउस की बुकिंग कुछ दिनों पहले ही हो चुकी है। बैंक्वेट संचालकों के अनुसार अक्षय तृतीया को लेकर ज्यादातर स्थान पहले से फुल हैं। शहर ही नहीं, बल्कि गांवों में भी इस दिन अबूझ साये में बड़ी संख्या में विवाह आयोजित किए जाएंगे। विवाहों की अधिकता का सीधा असर बाजार पर भी साफ दिखाई दे रहा है।
कपड़ा, ज्वेलरी, सजावट, कैटरिंग और टेंट व्यवसाय से जुड़े कारोबारियों की बिक्री में उछाल आया है। सर्राफा बाजार में ग्राहकों की भीड़ बढ़ी है। वहीं रेडीमेड और कपड़ा दुकानों पर भी खरीदारी जारी है। बावल चौक के पास कपड़ा व्यापारी राजकुमार ने बताया कि इस बार शादियों की संख्या अधिक होने से बाजार में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
-
फूल विक्रेताओं व व्यापारियों का बढ़ा काम
फूल विक्रेता रमेश यादव ने बताया कि गाड़ियों की सजावट के साथ-साथ वाटिकाओं और होटलों को सजाने के लिए भी बड़ी संख्या में बुकिंग मिल चुकी है। सब्जी मंडी के समीप फूल विक्रेता अनिल के अनुसार, इस बार सीजन अच्छा रहने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि शादियों में फूलों की सजावट के लिए पहले ही बुकिंग हो चुकी है। वहीं अक्षय तृतीया के दिन अकेले दो से चार शादियों में सजावट का काम भी तय हो चुका है।
गार्डन में तैयारियां लगभग पूरी
दिल्ली रोड स्थित शिवम गार्डन के मालिक अंकित यादव ने बताया कि अक्षय तृतीया के अवसर पर बड़ी संख्या में शादियां तय हैं जिसको लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान किसी भी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं पुख्ता की जा रही हैं।