संवाद न्यूज एजेंसी
कुंड। माजरा एम्स में ओपीडी शुरू करने, एमबीबीएस की कक्षाएं चालू करने आदि मांगों को लेकर एम्स संघर्षं समिति मनेठी की ओर से कुंड बस स्टैंड के पास रविवार को जनसभा आयोजित की गई। इसमें चार प्रस्ताव बनाए गए। एम्स में ओपीडी शुरू करने, एमबीबीएस की कक्षाएं चालू कारने की मांग को सीएम को ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया।
जनसभा की अध्यक्षता एम्स संघर्षं समिति मनेठी के अध्यक्ष कैलाश चंद ने की। संचालन ओमप्रकाश सैन ने किया। सभा में राजेंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि अगर जनता का शानदार, जुझारू आंदोलन नहीं होता तो यहां एम्स नहीं बनता। यह आंदोलन का ही परिणाम है कि माजरा एम्स का सपना साकार हुआ है।
अभी ओपीडी, एमबीबी एस क्लास शुरू करने, ओवरब्रिज बनाने का मांग को लेकर फिर आंदोलन को मजबूत करने की जरूरत है। एम्स संघर्ष समिति के अध्यक्ष कैलाश चंद ने चार प्रस्ताव जनसभा में रखे, जिसे पारित किया गया।
चार प्रस्तावों में ओपीडी, एमबीबीएस क्लास शुरू करवाने, ओवरब्रिज बनाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री भारत सरकार, माजरा एम्स डायरेक्टर को ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया। एम्स को लेकर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की ओर से दिए गए बयान की निंदा की गई।
एम्स संघर्ष समिति ने रामगढ़ भगवानपुर अस्पताल बनाओ संघर्ष समिति की 13 जुलाई को पद यात्रा में शामिल होने का निर्णय लिया। इसके अलावा जुलाई के अंत तक ओपीडी, एमबीबीएस क्लास शुरू करने, ओवरब्रिज बनाने बारे सकारात्मक कदम नहीं उठाने 3 अगस्त को मांग दिवस मनाने और वाहन रैली निकालने का निर्णय लिया।
रामगढ़ भगवानपुर अस्पताल बनाओ संघर्ष समिति के सदस्यों ने भी आकर आंदोलन को समर्थन दिया। जनसभा को अभय सिंह गुणवाल, अनिल सरपंच प्रतिनिधि भगवानपुर, अभय सिंह फिदेरी, उदयराज प्रधान लंबरदार एसोसिशन, हनुमान सिंह, जसवंत बिहारीपुर, कर्नल राजेंद्र सिंह, मनोज अन्ना, कृष्णा देवी, डॉक्टर एच डी यादव, डॉक्टर राजेंद्र सिंह व अन्य लोग मौजूद रहे।
-