कोसली। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कोसली अनाज मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान आढ़तियों ने मंडी के विस्तार, सीवरेज लाइन और गोदाम की जरूरत का मुद्दा उठाया। मंत्री ने आढ़तियों, किसानों और मार्केट कमेटी कार्यालय से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मंडी प्रधान अजय सिंगला और अन्य आढ़तियों ने मंत्री को बताया कि पुरानी सीवरेज व्यवस्था के स्थान पर नई लाइन बिछाने और गोदाम बनवाने की मांग की।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि सरकार किसानों की आर्थिक उन्नति के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। मंडियों में फसल बेचने वाले किसानों को जल्द भुगतान किया जा रहा है।
मंत्री ने बताया कि बागवानी की भावांतर भरपाई योजना में मधुमक्खी पालन को भी शामिल किया गया है। प्राकृतिक आपदा की स्थिति में मधुमक्खी पालकों को भी सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने मंडी से जुड़ी मांगों पर उचित कार्रवाई करवाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर कोसली के एसडीएम विजय कुमार यादव, डीएसपी विद्यानंद, मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन दिनेश गोयल, सचिव विकास यादव, मंडी प्रधान अजय सिंगला, संजय यादव और कार्यकारी अभियंता शुभम अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी व आढ़ती मौजूद रहे।
-
भंडारण और निकासी की व्यवस्था जरूरी
आढ़तियों ने बताया कि अनाज मंडी में गोदाम की मांग किसानों की फसल के भंडारण से जुड़ी महत्वपूर्ण जरूरत को दर्शाती है। वहीं, सीवरेज लाइन और मंडी विस्तार जैसे मुद्दे भी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की ओर ध्यान दिलाते हैं। इन कार्यों के पूरा होने से मंडी में आने वाले किसानों, आढ़तियों और अन्य लोगों को सुविधा मिल सकती है। फिलहाल, आढ़तियों को मंत्री के आश्वासन के बाद इन मांगों पर कार्रवाई का इंतजार है।